जमशेदपुर। हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में नाबालिग बेटी की जघन्य हत्या (नरबली) की घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। इस मामले को लेकर झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य प्रमोद लाल के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने आरक्षी महानिदेशक, झारखंड सरकार को संबोधित प्रार्थना पत्र उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के माध्यम से सौंपा।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि विष्णुगढ़ में हुई यह घटना बेहद शर्मनाक और अमानवीय है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। ऐसे कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। झामुमो कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि इस जघन्य हत्याकांड के आरोपियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामला चलाकर जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि समाज में एक सख्त संदेश जाए।
साथ ही, पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस घटना की आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि राज्य में शांति और भाईचारा बना रहे।
झामुमो नेताओं ने स्पष्ट कहा कि अपराधियों का कोई जाति या धर्म नहीं होता है, इसलिए इस तरह की घटनाओं को राजनीतिक या सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन सहित कई अन्य कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे।

