Breaking
Fri. Apr 3rd, 2026

विष्णुगढ़ कांड पर झामुमो का बयान, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

चाईबासा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिम सिंहभूम जिला समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में विष्णुगढ़ की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने बयान जारी कर कहा कि इस घटना ने भाजपा का असली चेहरा उजागर कर दिया है।

सोनाराम देवगम ने कहा कि हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 13 वर्षीय बच्ची की हत्या की घटना बेहद दुखद और अमानवीय है। इस घटना से पूरा राज्य स्तब्ध है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मामले में समाज में व्याप्त अंधविश्वास की भयावह सच्चाई भी सामने आई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील मामले को भाजपा द्वारा राजनीतिक रूप देने की कोशिश की गई। सोनाराम देवगम के अनुसार भाजपा ने इस घटना को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया, जिससे समाज में अशांति फैल सकती थी। उन्होंने कहा कि जांच में सच्चाई सामने आने के बाद भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया है।

सोनाराम देवगम ने दावा किया कि इस मामले का मुख्य आरोपी भीम राम भाजपा से जुड़ा हुआ व्यक्ति है, जो बूथ अध्यक्ष और एससी-एसटी प्रकोष्ठ से जुड़ा बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पहले जनता को गुमराह करते हैं और बाद में सच्चाई सामने आने पर चुप्पी साध लेते हैं। उन्होंने भाजपा से इस मामले में जवाब देने और जनता से माफी मांगने की मांग की।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की राजनीति समाज में विभाजन पैदा करने की है और वह हमेशा हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब इन बातों को समझ चुकी है।

सोनाराम देवगम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर चुकी है और मुख्य आरोपियों, जिनमें बच्ची की मां और कथित तांत्रिक शामिल हैं, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

अंत में उन्होंने कहा कि झामुमो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा को इस मुद्दे पर राजनीति बंद कर आत्ममंथन करना चाहिए।

Related Post