आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े हुई आपराधिक वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 11:30 बजे 20 से 25 की संख्या में पहुंचे बेखौफ अपराधियों ने बस्ती में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी अपराधी हथियारों से लैस थे। उनके हाथों में चापड़, फरसा जैसे धारदार हथियार थे, वहीं कुछ के पास पिस्तौल भी थी। अपराधियों ने बस्ती में घुसते ही हमला शुरू कर दिया और फायरिंग करने की भी कोशिश की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक हुए इस हमले से लोग घरों से बाहर निकल आए और अपनी सुरक्षा के लिए एकजुट हो गए।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब बस्तीवासियों और अपराधियों के बीच आमने-सामने की झड़प शुरू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। हालांकि, स्थानीय लोगों की एकजुटता और विरोध को देखते हुए अपराधी ज्यादा देर तक टिक नहीं सके और मौके से भाग निकले। घटना के दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस पूरी घटना का वीडियो बस्ती में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें अपराधियों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और बस्ती में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहे।

