Breaking
Sat. May 9th, 2026

करनडीह में हीरो सर्विस सेंटर में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित करनडीह चौक के पास एक हीरो टू-व्हीलर सर्विस सेंटर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कैश काउंटर से करीब 50 से 55 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

सर्विस सेंटर में कार्यरत कर्मचारी तपन पाल के अनुसार, 28 तारीख की शाम करीब 7 बजे रोजाना की तरह काम खत्म कर सभी कर्मचारी संस्थान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे वापस लौटे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा गया कि कैश काउंटर की खिड़की खुली हुई थी और ड्रॉर का लॉक भी तोड़ा गया था, जिसमें रखी पूरी नकदी गायब थी।

सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि इस चोरी की घटना में तीन लोग शामिल थे। सभी ने अपने चेहरे को मास्क से ढक रखा था। फुटेज में साफ दिख रहा है कि अपराधी पहले ताला तोड़ते हैं, फिर सीधे कैश काउंटर तक पहुंचकर नकदी निकालते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं।

तपन पाल ने बताया कि यह सर्विस सेंटर पिछले छह वर्षों से अधिक समय से संचालित हो रहा है, लेकिन इस तरह की चोरी की घटना पहली बार हुई है। घटना के बाद तुरंत परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post