लोहरदगा: प्रखंड क्षेत्र के बरवाटोली, कुड़ू के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। तेज रफ्तार के बीच एक ऑटो वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कुड़ू के डोरोटोली निवासी निकास उरांव, उनकी पत्नी और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि लाल गुड्डू नाथ शाहदेव और कृष्णा मोदी तुरंत कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया, जबकि परिजनों को भी तत्काल इसकी सूचना दे दी गई। इस दौरान अस्पताल निरीक्षण में एक बार फिर कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस की कमी का गंभीर मुद्दा सामने आया। आपात स्थिति में समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है, जो कई बार स्थिति को और गंभीर बना देती है। गौरतलब है कि कुड़ू प्रखंड में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था केवल एक ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर टिकी हुई है। ऐसे में संसाधनों की कमी स्थानीय लोगों के लिए लगातार चिंता का कारण बनी हुई है। इसी को लेकर लाल गुड्डू नाथ शाहदेव और कृष्णा मोदी ने संबंधित विभाग से मांग की है कि कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को जल्द से जल्द सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

