चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आसानपाठ मध्य विद्यालय में अभिभावकों के बीच बाल विवाह एवं डायन कुप्रथा के विरुद्ध कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अभिभावक-शिक्षक बैठक के अवसर पर आयोजित हुआ।
यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार मौ शाकिर के निर्देश पर किया गया। कार्यक्रम में अधिकार मित्र संजय कुमार निषाद और रविकांत ठाकुर ने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए डायन कुप्रथा के खिलाफ जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि डायन प्रथा केवल एक अंधविश्वास है और यह सामाजिक के साथ-साथ कानूनी अपराध भी है। कई मामलों में यह देखा गया है कि किसी व्यक्ति की संपत्ति पर कब्जा करने या पुरानी दुश्मनी निकालने के उद्देश्य से उसे डायन घोषित किया जाता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को डायन कहना उसके मानवाधिकारों का उल्लंघन है और ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने स्वागत भाषण दिया।
वहीं विज्ञान शिक्षक विमल किशोर बोइपाई ने अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी में अपने विचार रखते हुए सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आसानपाठ विद्यालय के विद्यार्थियों को अधिकार मित्रों द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

