*रांची :* राजधानी रांची के पिठोरिया इलाके में बिजली ग्रिड से जुड़ी एक बड़ी चोरी सामने आई है। यहां कान्दू बिजली ग्रिड में अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए करीब 1000 किलो कॉपर कॉइल काटकर चोरी कर लिया। घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
*देर रात दिया वारदात को अंजाम”*
जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार देर रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की है। चोरों ने पिठोरिया थाना क्षेत्र के कान्दू स्थित सब स्टेशन में लगे SST 33/.4KV ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया और आराम से कॉपर कॉइल काटकर अपने साथ ले गए।
*25 लाख से ज्यादा का नुकसान*
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार चोरी हुए कॉपर कॉइल की कीमत 25 लाख रुपये से भी ज्यादा आंकी जा रही है। कॉपर कॉइल ट्रांसफार्मर का बेहद जरूरी हिस्सा होता है, जिससे बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है।
*पुलिस और विभाग में हड़कंप*
इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर हेडक्वार्टर वन डीएसपी अमर कुमार पांडे, इंस्पेक्टर असित मोदी और थाना प्रभारी सतीश पांडे टीम के साथ पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
*CCTV और FSL की मदद से जांच*
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को भी बुलाया गया है, ताकि घटनास्थल से तकनीकी सबूत जुटाए जा सकें।
*डॉग स्क्वायड भी जुटा, गैंग पर शक*
थाना प्रभारी के अनुसार अपराधियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है। पुलिस को शक है कि इतनी बड़ी मात्रा में कॉपर चोरी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने बिजली ग्रिड की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी चोरी के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी, जिससे स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है।

