Breaking
Sat. May 9th, 2026

महुआ चुनने गए अधेड़ की जंगल में गोली मारकर हत्या, पांकी इलाके में दहशत

मेदिनीनगर/पलामू। जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत केरकी गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जंगल में महुआ चुनने गए एक अधेड़ व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 58 वर्षीय राजदेव पासवान के रूप में की गई है, जो केरकी गांव के निवासी थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजदेव पासवान रोज की तरह सुबह महुआ चुनने के लिए गांव के पास स्थित जंगल में गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया और नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान उनका शव जंगल में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि, पुलिस आपसी रंजिश, जमीन विवाद और नक्सली एंगल समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए छानबीन तेज कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Post