Breaking
Mon. Apr 6th, 2026

चतरा सदर अस्पताल में असामाजिक तत्वों का उत्पात, रजिस्ट्रेशन काउंटर का शीशा तोड़ा

चतरा : चतरा के सदर अस्पताल में सोमवार सुबह करीब 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ असामाजिक तत्वों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। बताया जाता है कि इलाज कराने पहुंचे कुछ लोगों ने पर्ची कटवाने में हो रही देरी को लेकर पहले रजिस्ट्रेशन काउंटर पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और गुस्साए लोगों ने रजिस्ट्रेशन काउंटर का शीशा तोड़ दिया। इस दौरान काउंटर पर बैठे कर्मी के साथ बदसलूकी भी की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी गई।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। वहां मौजूद मरीज और उनके परिजन भी सहम गए।

मामले को लेकर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हो गया है। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Related Post