Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

सदर अस्पताल, चाईबासा के दूसरे गेट को फिर से खोलने को लेकर हुई जांच, प्रशिक्षु आईएएस ने किया भौतिक सत्यापन*

चाईबासा: सदर अस्पताल, चाईबासा के बीएसएनएल ऑफिस साइड स्थित गेट को बंद किए जाने से हो रही असुविधाओं को लेकर शनिवार को प्रशासनिक स्तर पर जांच की गई। प्रशिक्षु आईएएस सह अनुमंडल पदाधिकारी, चाईबासा सिद्धांत कुमार ने अंचल अधिकारी सदर चाईबासा उपेन्द्र कुमार और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. शिवचरण हासदा की मौजूदगी में अस्पताल पहुंचकर स्थल का भौतिक सत्यापन किया।

ज्ञात हो कि इस मामले को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला के कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने गुरुवार को उपायुक्त चंदन कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था और गेट बंद रहने से मरीजों व आम लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया था। इसके बाद उपायुक्त ने मामले की जांच का निर्देश दिया था।

जांच के दौरान पाया गया कि सदर अस्पताल का दूसरा गेट, जो बस स्टैंड रोड में बीएसएनएल ऑफिस की ओर खुलता है, बंद रहने के कारण मरीजों, उनके परिजनों और तिमारदारों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से अस्पताल आने-जाने में काफी दूरी तय कर मुख्य गेट से होकर आना पड़ रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गेट बंद रहने का असर बस स्टैंड रोड स्थित छोटे दुकानदारों पर भी पड़ा है। फल, दूध, चाय, बिस्किट, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के विक्रेता और छोटे होटल संचालकों के यहां ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, क्योंकि पहले मरीज और उनके परिजन इसी रास्ते से आते-जाते हुए इन दुकानों से सामान खरीदते थे।

जांच के बाद सिद्धांत कुमार ने बताया कि पूर्व की व्यवस्था को बहाल करते हुए इस गेट को फिलहाल अस्थायी रूप से खोलने, इसके पास एक बड़ा गेट स्थापित करने और सुरक्षा की दृष्टि से वहां एक पुलिस कर्मी की प्रतिनियुक्ति करने को लेकर उपायुक्त को अनुशंसा के साथ जांच प्रतिवेदन भेजा जाएगा। उन्होंने अस्पताल से जुड़ी अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर भी संज्ञान लेते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय, चाईबासा चैंबर उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री, अस्पताल प्रबंधक आशीष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related Post