चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली गैस गोदाम के पास स्थित एक किराए के मकान में 28 वर्षीय शाहिद अंसारी उर्फ पिंटा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का शव घर के अंदर पाइप से चादर के सहारे लटका हुआ पाया गया। हालांकि मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के चचेरे भाई महफूज अंसारी का आरोप है कि शाहिद की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों ने मिलकर हत्या की और बाद में शव को फंदे से लटका दिया। उनका कहना है कि सूचना मिलने पर जब वे मकान पहुंचे तो शव चौकी पर रखा हुआ था और कंबल से ढका था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि शव को फंदे से किसने और कब नीचे उतारा।
दूसरी ओर, मृतक की पत्नी द्राक्षा बानो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि शुक्रवार सुबह जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने अपने पति को फंदे से लटका देखा। उनके अनुसार उस समय घर में वह अकेली थीं। उन्होंने किसी तरह पति को नीचे उतारा और चौकी पर लिटाकर आसपास के लोगों व परिजनों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले तीन हजार रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
परिजनों के मुताबिक शाहिद अंसारी ने प्रेम विवाह किया था और उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है।
सूचना मिलने पर कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

