जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के लिए गौरव का क्षण आने वाला है। देश की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 26 फरवरी को जमशेदपुर के प्रस्तावित दौरे पर रहेंगी। अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत वे कदमा स्थित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट के भूमि पूजन समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद उनका मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना भी प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। सुरक्षा, प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, सीआईडी मनोज कौशिक तथा ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थल पर सुरक्षा घेरा, यातायात प्रबंधन, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, आपात चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रपति के आगमन से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी और कार्यक्रम का आयोजन पूर्ण गरिमा तथा अनुशासन के साथ किया जाना चाहिए। साथ ही आयोजकों से कार्यक्रम की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक प्रशासनिक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है ताकि राष्ट्रपति का दौरा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण कर कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

