Breaking
Fri. Oct 9th, 2026

आनंद मार्ग के 140वें मासिक रक्तदान शिविर में 60 यूनिट रक्त संग्रह, 100 पौधों का वितरण

जमशेदपुर। आनंद मार्ग एवं स्वर्गीय कलावती देवी पुण्य स्मृति के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आयोजित मासिक रक्तदान शिविर में 60 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए मानवता का परिचय दिया। यह शिविर आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल की ओर से आयोजित 140वां मासिक रक्तदान शिविर था।

शिविर में एकत्रित 60 यूनिट रक्त जमशेदपुर ब्लड सेंटर को सौंपा गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ब्लड सेंटर परिसर में 100 पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि जो लोग निस्वार्थ भाव से रक्तदान करते हैं, वे ईश्वर कोटि के मनुष्य हैं, क्योंकि उनका यह कार्य पूर्णतः परोपकार की भावना से प्रेरित होता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए रक्तदान करना सच्ची मानव सेवा है।

आनंद मार्ग प्रचारक आचार्य नवतीतानंद अवधूत एवं आचार्य जगतात्मानंद अवधूत ने जमशेदपुर ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदाताओं को सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, प्रतीक संघर्ष के अर्जित सरकार तथा टाटा वर्कर्स यूनियन ट्यूब डिवीजन के कमेटी मेंबर ज्ञान रंजन श्रीवास्तव ने भी रक्तदाताओं को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समीर सरकार, मदन प्रसाद श्रीवास्तव, राहुल कुमार, मनोज श्रीवास्तव, मधुकर श्रीवास्तव, काव्यांश श्रीवास्तव, दिव्यांश श्रीवास्तव, ज्ञानव श्रीवास्तव, ज्ञानवी श्रीवास्तव, आंचल श्रीवास्तव, रश्मि श्रीवास्तव, अभिषेक पाण्डेय, पूर्व पार्षद रिंकू राय एवं सुनील आनंद सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post