Breaking
Tue. Feb 10th, 2026

सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में दो ग्रामीण घायल

चाईबासा: चाईबासा जिले के सारंडा जंगल क्षेत्र में एक बार फिर नक्सलियों की हिंसक गतिविधि सामने आई है। जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरिलपोसी गांव के पास जंगल में नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी बम की चपेट में आकर दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब दोनों ग्रामीण जंगल में साल पत्ता और लकड़ी चुनने गए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगल में अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायलों को जंगल से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की पुष्टि चाईबासा के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में दो ग्रामीण घायल हुए हैं। घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है, ताकि किसी अन्य संभावित खतरे को टाला जा सके।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जंगल पर निर्भर हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से उनमें भय का माहौल बन गया है। सारंडा क्षेत्र में पहले भी नक्सल गतिविधियों की घटनाएं सामने आती रही हैं।

सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा बलों के दिशा-िर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Related Post