Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर समाहरणालय में डिजिटल जागरूकता कार्यशाला संपन्न

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को 10 फरवरी “सुरक्षित इंटरनेट दिवस” के अवसर पर समाहरणालय सभागार में डिजिटल जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुरक्षित तकनीक और सही विकल्प विषय के अंतर्गत कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामान्य नागरिक तथा प्रज्ञा केंद्र संचालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार प्रयोग से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों एवं विद्यार्थियों को डिजिटल मंचों के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान के नेतृत्व में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देने हेतु शपथ दिलाई गई।

कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी किशोर प्रसाद, ई-जिला प्रबंधक मनीष कुमार प्रसाद, निरीक्षक कुनाल कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक तारक दास, मास्टर प्रशिक्षक रोहित राज तथा साइबर पीस फाउंडेशन सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन वरूज ओझा द्वारा किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए डिजिटल जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।

Related Post