जमशेदपुर। आगामी नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के सभी प्रत्याशियों की सहभागिता रही।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने उम्मीदवारों को बैलेट पेपर के माध्यम से होने वाली मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। मतदान की विधि, मतदाता से जुड़े नियम और चुनाव के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना सभी प्रत्याशियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में चुनाव प्रचार के दौरान होने वाले खर्च को लेकर भी विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया गया। प्रत्याशियों को बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित व्यय सीमा का पालन अनिवार्य है। प्रचार सामग्री, जनसभाओं, विज्ञापनों और अन्य गतिविधियों पर होने वाले खर्च का सही लेखा-जोखा रखना होगा। जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने चुनावी खर्च से संबंधित कर नियमों और वैधानिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी साझा की।
प्रशिक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एआरओ सह रिटर्निंग ऑफिसर कल्याण जी आनंद ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी प्रत्याशियों को चुनाव संबंधी नियमों से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि नगर निकाय चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराए जाएं। आचार संहिता के उल्लंघन पर किसी भी स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दोनों नगर निकायों के ऑब्जर्वर, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी और जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्रत्याशियों की शंकाओं का समाधान किया और नियमों के पालन को लेकर गंभीरता से निर्देश दिए। नगर निकाय चुनाव को लेकर जमशेदपुर के सभी शहरी क्षेत्रों में प्रशासनिक सक्रियता और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।

