चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाईबासा के महुलसाई स्थित होंडा शोरूम के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल के वैन चालक रोहित कुमार दास की मौत हो गई, जबकि स्कूल का एक छात्र क्रिस्टी हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मोटरसाइकिल और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ, जिसमें चालक और छात्र दोनों को गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को ऑटो के माध्यम से सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद वैन चालक रोहित कुमार दास को मृत घोषित कर दिया, जबकि छात्र क्रिस्टी हेम्ब्रम की हालत नाजुक बनी हुई थी।
मृतक रोहित कुमार दास और घायल छात्र क्रिस्टी हेम्ब्रम दोनों न्यू कॉलोनी टुंगरी के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल के कई शिक्षक सदर अस्पताल पहुंचे। छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रबंधन की ओर से उसे बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से जमशेदपुर रेफर किया गया।
हादसे की खबर मिलते ही नगर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रमेश खिरवाल, सामाजिक कार्यकर्ता तिरशानू राय और राजाराम गुप्ता भी सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

