Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

वीर शहीद दुसा–जुगल ने अंग्रेजों के खिलाफ दिखाई थी अदम्य वीरता : संजीव सरदार

जमशेदपुर/पोटका

पोटका प्रखंड के देवली चौक में रविवार को भूमिज (चुहाड़) विद्रोह के अमर वीर शहीद दुसा–जुगल का शहीद दिवस आदिम भूमिज लश्कर एवं दुसा–जुगल संरक्षण कमिटी के तत्वावधान में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार के हाथों देवली चौक में शहीद दुसा–जुगल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया।प्रतिमा अनावरण से पूर्व भूमिज समाज के लोगों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की गई। साथ ही सांस्कृतिक नृत्य और संगीत की प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भावनात्मक स्वरूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुखिया अर्धेंदू सरदार, ग्राम प्रधान सोदा सरदार, आभुस के सुदर्शन भूमिज, मानसिंह सरदार, जयपाल भूमिज, शत्रुघ्न सरदार, धीरेन सरदार, बाबूलाल सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि वीर शहीद दुसा – जुगल भूमिज समाज के ऐसे वीर योद्धा थे, जिन्होंने चुहाड़ विद्रोह के दौरान अंग्रेजों के खिलाफ साहस और बलिदान की मिसाल पेश की। उन्होंने बताया कि दोनों वीर पोटका प्रखंड के सारसे बुरुहातू गांव के निवासी थे

जिन्हें अंग्रेजों ने आज ही के दिन देवली पाट में फांसी पर चढ़ा दिया था। ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने की आज सबसे अधिक आवश्यकता है।

विधायक ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग और लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप देवली चौक का नामकरण शहीद दुसा–जुगल के नाम पर किया गया है। यह आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाता रहेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के इतिहास और शहीदों की विरासत को संरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के जगन्नाथ सरदार, उत्तम सरदार, पंकज सरदार, रामपडो सरदार, सुसेन्द्र सरदार, सुभाष सरदार, आनंद सरदार, सरोज सरदार, भोगान सरदार, विशेश्वर सरदार, निखिल सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post