Breaking
Sun. Feb 8th, 2026

चाईबासा व चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के निर्वाचन व्यय लेखा की जांच की तिथियां घोषित

चाईबासा: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर और चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखा पंजी की जांच की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के कार्यालय, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चक्रधरपुर नगर परिषद (वर्ग-ख) अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखा की जांच अनुमंडल कार्यालय, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर के सभागार में की जाएगी। यह जांच 10 फरवरी 2026, 14 फरवरी 2026 एवं 20 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक होगी। इसकी जानकारी निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उपसमाहर्ता, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर के.के. मुंडू द्वारा दी गई है।

इसी प्रकार चाईबासा नगर परिषद (वर्ग-ख) अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों के निर्वाचन व्यय लेखा की जांच अनुमंडल कार्यालय, सदर चाईबासा के सभागार में होगी। यह जांच 10 फरवरी 2026, 16 फरवरी 2026 एवं 19 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक की जाएगी। इसकी सूचना निर्वाची पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा संदीप अनुराग द्वारा दी गई है।

जिला प्रशासन ने चाईबासा नगर परिषद एवं चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के अध्यक्ष पद के सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में समय पर उपस्थित होकर निर्वाचन व्यय लेखा पंजी की जांच अवश्य कराएं और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Related Post