Breaking
Sun. Feb 8th, 2026

रांची में चेन स्नैचिंग की कोशिश, अपराधियों से अकेले भिड़ गई महिला

*रांची :* राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत हाउसिंग कॉलोनी चौक पर शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की एक सनसनीखेज कोशिश सामने आई। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

जानकारी के अनुसार गिरिडीह निवासी जस्सी सलूजा (33) मॉल से खरीदारी कर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेजी से फरार होने की कोशिश करने लगे। लेकिन अपराधियों को अंदाजा नहीं था कि महिला इतनी हिम्मत दिखाएगी। जैसे ही अपराधी भागने लगे, जस्सी ने पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया। संतुलन बिगड़ने के कारण बाइक सड़क पर गिर गई और दोनों अपराधी भी नीचे गिर पड़े। इस दौरान महिला भी गिर गई, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए अपनी चेन बचा ली।

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गिरने के बाद एक अपराधी तुरंत उठकर पैदल भागने लगता है। चेन सुरक्षित होने के बावजूद महिला ने उसे पकड़ने के लिए दौड़ भी लगाई। इसी दौरान गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और चौक पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। पीड़िता का आरोप है कि अपराधियों ने उसे और आसपास मौजूद लोगों को डराने के लिए दो गोलियां चलाईं। हालांकि पुलिस जांच में सामने आया है कि अपराधियों के पास असली हथियार नहीं, बल्कि रबर पिस्तौल थी। पुलिस का कहना है कि फायरिंग केवल डराने के उद्देश्य से की गई थी।

इसी बीच दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी तक पहुंचा और दोनों भीड़ का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग के बाद भी अपराधियों का बेखौफ अंदाज देखने को मिला, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत और गुस्सा दोनों है।

बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में पीड़िता ने अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Post