जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित चाकुलिया में नगर पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविवार को चाकुलिया थाना क्षेत्र के मौराबांधी गांव में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब निर्माण के दो प्रमुख ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से इलाके में अवैध शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने सशस्त्र बलों के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 350 किलोग्राम जावा महुआ, शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण और लगभग 15 लीटर तैयार देसी शराब बरामद की गई।
मामले की गंभीरता और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बरामद जावा महुआ, भट्ठियों और अन्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में उत्पाद विभाग को भी आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है, ताकि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस अचानक और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

