Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

बिरहोर टोला के 10 बच्चे लापता, पुलिस खोज में जुटी

कोडरमा। हाल ही में झारखंड पुलिस द्वारा बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसमें शामिल लोगों को जेल भेजा गया था। इधर ताज़ा मामला जयनगर प्रखण्ड के खरियोडीह पंचायत का है। जहां पंचायत के गड़ियाय बिरहोर टोला के रहने वाले 10 बच्चे एक साथ लापता हो गए हैं। मामले की जानकारी देते हुए मुखिया राजेन्द्र यादव ने बताया कि एक फरवरी की रात गड़ियाय टोला के बिरहोर परसाबाद में किसी श्राद्धकर्म में भोज खाने हेतु गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो देखा कि बच्चे साथ नहीं थे। जिसके पश्चात अगले दिन उन्होंने इसकी सूचना मुखिया को दी। मुखिया ने बिना विलंब किए इसकी सूचना जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को दी। हालांकि इस सूचना के पश्चात जयनगर पुलिस ने किसी भी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टा मुखिया को ही बच्चे को खोजने की बात कही। जिसके पश्चात मुखिया राजेन्द्र यादव अपने स्तर से बच्चे को ढूंढने का हर संभव प्रयास करने लगे। लेकिन जब बच्चों का कहीं कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने इसकी सूचना जयनगर के अंचल अधिकारी सारांश जैन को दी। अंचल अधिकारी सारांश जैन ने सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी। सूचना प्राप्त होते ही प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार व चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार के साथ उक्त गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की खोजबीन शुरू कर दी गई है।

Related Post