चेन्नई की कंपनी प्लैटिनो की आरईसीडी मशीन कर रही लोगों के बीच अच्छा प्रदर्शन
जमशेदपुर: आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर में 5 से 8 फरवरी 2026 तक चार दिवसीय इंडोमैक (INDOMACH) 2026 औद्योगिक मशीनरी एवं इंजीनियरिंग एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूर्वी भारत का एक प्रमुख B2B औद्योगिक मंच माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य खासतौर पर एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बनाना है।
एक्सपो में देश-विदेश से आए 200 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं, जहां 900 से ज्यादा ब्रांडों और 700 से अधिक लाइव मशीनरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में सीएनसी मशीन, लेजर कटिंग, ऑटोमेशन और रोबोटिक्स जैसी अत्याधुनिक तकनीकों ने उद्योग जगत का ध्यान आकर्षित किया है।
इस एक्सपो में चेन्नई आधारित कंपनी प्लैटिनो (Platino) ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। कंपनी द्वारा प्रदर्शित प्लैटिनो आरईसीडी (Retrofit Emission Control Device) मशीन को औद्योगिक क्षेत्र के लिए काफी उपयोगी बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार यह मशीन डीजल जनरेटर (DG Sets) से निकलने वाले हानिकारक धुएं और पार्टिकुलेट मैटर (PM) को प्रभावी रूप से कम करने में सक्षम है।
प्लैटिनो आरईसीडी मशीन की खास बात यह है कि यह इंजन की बिजली उत्पादन क्षमता को बनाए रखते हुए उत्सर्जन को नियंत्रित करती है। बढ़ते प्रदूषण और सख्त पर्यावरणीय नियमों के बीच यह तकनीक औद्योगिक इकाइयों के लिए एक व्यावहारिक और पर्यावरण अनुकूल समाधान साबित हो रही है।
आयोजकों का कहना है कि इंडोमैक 2026 जैसे आयोजनों से स्थानीय उद्योगों को नई तकनीक, व्यापारिक साझेदारी और बाजार विस्तार के अवसर मिलते हैं। साथ ही, यह मंच पूर्वी भारत को औद्योगिक मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है।

