Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी पूरी, सभी 11 प्रत्याशियों के पर्चे वैध

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की गुरुवार को विधिवत स्क्रूटनी की गई। यह प्रक्रिया निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो द्वारा सभी प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

स्क्रूटनी के दौरान किसी भी प्रत्याशी की ओर से किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। जांच के उपरांत निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिनमें से सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।

इस अवसर पर चुनाव ऑब्जर्वर एजाज अनवर के साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि नगर परिषद चुनाव की प्रक्रिया के तहत सभी नामांकन पत्रों की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कोई त्रुटि नहीं पाई गई।

निर्वाची पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 6 फरवरी को इच्छुक प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। यदि कोई भी उम्मीदवार नाम वापस नहीं लेता है, तो उसी दिन अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

नगर परिषद चाईबासा के अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित प्रत्याशी नितिन प्रकाश, भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी राधा मोहन बनर्जी चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा अनूप कुमार, सुल्तानिया देवी, शंकर दत्त, सुनील प्रसाद साव, मुकेश कुमार, नितेश दोदराजका, मोहम्मद सलीम, फैयाज खान और रूही खातून भी अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं।

अब सभी की निगाहें नाम वापसी की प्रक्रिया और अंतिम प्रत्याशी सूची पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

Related Post