जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एग्रिको इलाके में पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया। खाली पड़े क्वार्टर में छिपकर किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो अपराधियों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में सिदगोड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बुधवार की रात वरीय पुलिस पदाधिकारी के माध्यम से सिदगोड़ा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एग्रिको क्षेत्र के खाली क्वार्टरों में कुछ अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के निकट पर्यवेक्षण में डीएसपी मुख्यालय प्रथम के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने एग्रिको क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान एग्रिको क्रॉस रोड नंबर-13 स्थित क्वार्टर संख्या L4/19 से अंकित कुमार शर्मा उर्फ जादू को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने 7.65 बोर का एक देशी पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पूछताछ में अंकित ने स्वीकार किया कि वह पहले डब्लू मिश्रा गिरोह के लिए काम करता था और बागबेड़ा निवासी अपराधी पोपो मुंडा से उसकी पुरानी दुश्मनी थी। इसी रंजिश में उसने हत्या की साजिश रची थी और पिस्टल अपने पास रखी थी, हालांकि उससे पहले ही पोपो मुंडा के जेल चले जाने के कारण वह अपने मंसूबों को अंजाम नहीं दे सका।
पूछताछ के दौरान अंकित शर्मा ने यह भी खुलासा किया कि बरामद हथियार और कारतूस उसे उसके पुराने साथी विशाल कुमार तिवारी उर्फ राहुल तिवारी उर्फ छे-छे ने उपलब्ध कराए थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशाल कुमार तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया।
गुरुवार को डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी कुख्यात अपराधी हैं और इनका आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अंकित कुमार शर्मा (24 वर्ष) के खिलाफ बागबेड़ा और मानगो थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वहीं विशाल कुमार तिवारी उर्फ राहुल तिवारी के खिलाफ भी हत्या, फायरिंग और आर्म्स एक्ट के मामलों में पूर्व से प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने दोनों के पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन, 7.65 एमएम के छह जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

