जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में बुधवार को नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई। नामांकन के अंतिम दिन मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में महापौर एवं अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों ने निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
बुधवार को मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इसके साथ ही अब इस पद के लिए कुल 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नामांकन करने वालों में सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शाबाना बानो, शाइसता परवीन उर्फ जेबा खान, बनिता सहाय, राईमुनी सुंडी, काकोली माहतो, इंदिरा सुंडी, संध्या सिंह, लक्की सिंह, पार्वती देवी, प्रतिभा रानी, सुशीला सिंह, अनिता देवी और सोनामुनी सोरेन शामिल हैं।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन चार अभ्यर्थियों ने पर्चा दाखिल किया। इस प्रकार यहां अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। इनमें आरती चौधरी, जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलूफर हुसैन, नूतन सिंह, डॉली मल्लिक, मुस्सर्रत खातून, बलबीर कौर और रिंकु सिंह के नाम शामिल हैं।
इसी तरह चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को एक उम्मीदवार ने नामांकन किया। इसके साथ ही इस पद के लिए कुल चार अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जिनमें संध्या रानी सरदार, चंदना मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शिलावती टुडू शामिल हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 5 फरवरी को नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी की जाएगी, जबकि 6 फरवरी को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। इसके बाद चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी और उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जुटेंगे।

