जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। गांव स्थित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक लखविंदर बेसरा के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में शनिवार को जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सियालबिंदा उच्च विद्यालय परिसर में कुछ लोगों ने बिना किसी ठोस कारण के शुक्रवार को प्रधानाध्यापक को नीम के पेड़ से बांध दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। विद्यालय परिसर में हुई इस अमानवीय घटना से शिक्षा जगत सहित पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बहरागोड़ा थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सियालबिंदा गांव निवासी मानिक बैरा (36 वर्ष), संजय बेरा (32 वर्ष), नंदलाल बेरा (23 वर्ष), विनोद बेरा (30 वर्ष) और नारायण बेरा (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच गंभीरता से जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

