Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

बीएनआर फ्रेंड्स क्लब के पूजा पंडाल का उद्घाटन, शिक्षा और संस्कृति के संगम का संदेश

कोलकाता। शिक्षा, ज्ञान और संस्कृति के प्रतीक मां सरस्वती की आराधना का साक्षी बनने जा रहा कोलकाता स्थित बीएनआर फ्रेंड्स क्लब द्वारा आयोजित सरस्वती पूजा पंडाल का उद्घाटन गुरुवार को दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) की अध्यक्ष प्रीति मिश्रा ने किया। यह पूजा पंडाल दक्षिण पूर्व रेलवे की साउथ कॉलोनी स्थित बीएनआर कोर्टर में स्थापित किया गया है, जहां श्रद्धा और भक्ति के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण का निर्माण किया गया है।

उद्घाटन के अवसर पर प्रीति मिश्रा ने कहा कि मां सरस्वती शिक्षा, ज्ञान, कला और संस्कार की अधिष्ठात्री देवी हैं और ऐसे आयोजनों से समाज, विशेषकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बीएनआर फ्रेंड्स क्लब की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) की संयुक्त महामंत्री प्राची झा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल को बीएनआर कोर्टर की थीम पर आकर्षक रूप से सजाया गया है, जो रेलवे की विरासत और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। पंडाल में मां सरस्वती की प्रतिमा की स्थापना विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई।

बीएनआर फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी क्लब की सक्रिय टीम द्वारा निभाई जा रही है। पूजा के दौरान विशेष पूजा-अर्चना के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है, जिसमें स्थानीय कलाकारों और बच्चों की भागीदारी देखने को मिलेगी। आयोजन के माध्यम से शिक्षा, कला और संस्कृति के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पूरे साउथ कॉलोनी परिसर में पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मां सरस्वती के दर्शन के लिए पंडाल में पहुंच रहे हैं।

Related Post