Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से टाटा मैजिक पलटी, महिला की मौत, चार घायल

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के रांची–चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75ई पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सुपलसाईं के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टाटा मैजिक को टक्कर मार दी, जिससे मैजिक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन के नीचे दबने से 60 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद एनएच-75ई पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटों तक यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात बहाल कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा मैजिक चक्रधरपुर से यात्रियों को लेकर चाईबासा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुफलसाईं के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पलटे हुए वाहन को उठाने में मदद की। घायलों को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद सेतवा गांव निवासी 60 वर्षीय चंदू कायम को मृत घोषित कर दिया गया।

इलाज के दौरान चार घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। इधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है

Related Post