Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

सोनारी वर्धमान ज्वेलर्स लूट कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र स्थित वर्धमान ज्वेलर्स में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी रोहित कुमार सिंह को पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार लूट की घटना के बाद से ही रोहित कुमार सिंह फरार था और उसे प्राथमिकी अभियुक्त के रूप में चिह्नित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसका नेतृत्व सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे कर रहे थे। टीम में अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान भी शामिल थे। लगातार प्रयास, सूचना तंत्र और तकनीकी सर्विलांस के जरिए पुलिस ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी गंभीर मामलों में संलिप्तता के आरोप दर्ज हैं। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पुलिस इस लूट कांड में शामिल गिरोह के तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

Related Post