Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

आजादनगर में युवती से पर्स छिनतई का खुलासा, एक नाबालिग समेत दो गिरफ्तार

जमशेदपुर।आजादनगर थाना क्षेत्र में कुली रोड के रास्ते पढ़ाने जा रही एक युवती से पर्स छिनतई की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। गुरुवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान मो. फरहान उर्फ शब्बान (20) के रूप में हुई है, जो आजादनगर के केजीएन कॉलोनी रोड नंबर दो का निवासी है। उसका एक साथी नाबालिग है, जिसकी भूमिका भी छिनतई की घटना में सामने आई है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, नकद 3000 रुपये, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने किया। छापेमारी टीम में एसआई मो. जाफर अंसारी, ईश्वर दयाल मुंडा, दीपक कुमार रौशन, मनीष कुमार राय, मो. शाबिर हुसैन, एएसआई विजय कुमार दुबे और छोटेलाल हेंब्रम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।

Related Post