Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

57वां ब्रह्मा बाबा स्मृति दिवस एवं दिव्य रक्तदान शिविर: मौन, साधना और सेवा से सजा यूनिवर्सल पीस पैलेस

जमशेदपुर। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के संस्थापक परमपूज्य प्रजापिता ब्रह्मा बाबा के 57वें स्मृति दिवस के अवसर पर यूनिवर्सल पीस पैलेस, जमशेदपुर में श्रद्धा, शांति और सेवा से ओत-प्रोत भव्य आयोजन संपन्न हुआ। पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संचार दिखाई दिया, जहाँ सैकड़ों भाई-बहन ब्रह्मा बाबा की मधुर स्मृतियों में मौन साधना और राजयोग ध्यान में लीन रहे। वातावरण में शांति, पवित्रता और दिव्यता का अनुभव हर आगंतुक को भीतर तक स्पर्श कर रहा था।

इस पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, समाजसेवी श्रीमती विनीता साहा तथा क्षत्रिय समाज की अध्यक्ष श्रीमती सीमा कुमारी सिंह उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने ब्रह्मा बाबा के जीवन, उनके आदर्शों और मानवता के प्रति उनके योगदान को नमन करते हुए आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

समाजसेवी श्रीमती विनीता साहा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में अनावश्यक भय फैला हुआ है, जबकि वास्तविकता यह है कि रक्तदान से हृदय अधिक मजबूत होता है, रक्त संचार बेहतर होता है और शरीर से अतिरिक्त आयरन का प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स होता है। उन्होंने बताया कि एक बार रक्तदान करने से लगभग 650 कैलोरी तक बर्न होती है, जिससे यह स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी है।

स्मृति दिवस के अवसर पर आसपास के सभी सेवाकेंद्रों की केंद्र-प्रभारी बहनें भी यूनिवर्सल पीस पैलेस पहुँचीं और भोग व प्रसाद अर्पित कर ब्रह्मा बाबा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में करीब एक हजार भाई-बहनों की सहभागिता रही, जिन्होंने एक साथ मौन साधना कर ब्रह्मा बाबा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। श्रद्धांजलि के पश्चात वरिष्ठ ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद, तिलक और प्रसाद प्रदान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, शांति और मौन का विशेष पालन किया गया, जिससे वातावरण और अधिक दिव्य बन गया।

कार्यक्रम के उपरांत सभी उपस्थित भाई-बहनों ने ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया। दिनभर श्रद्धालुओं का आगमन-जमन बना रहा और अनेक लोगों ने परिसर में बैठकर राजयोग ध्यान का अभ्यास किया। कई साधकों ने इस अवसर को आत्मिक शांति और आत्मबल बढ़ाने का अनुपम अवसर बताया।

ब्रह्मा बाबा की स्मृति को सेवा भाव से जोड़ते हुए इस अवसर पर एक दिव्य रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में कुल 66 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान रहा। रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं को प्रमाण पत्र एवं ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं जमशेदपुर ब्लड बैंक की टीम के सदस्यों को भी ब्रह्माकुमारीज़ कोल्हान प्रमुख अंजू दीदी द्वारा ईश्वरीय सौगात देकर सम्मानित किया गया।

कोल्हान प्रमुख अंजू दीदी ने अपने संदेश में कहा कि ब्रह्मा बाबा का स्मृति दिवस अत्यंत विशेष और शुभ संकल्पों की सिद्धि का दिन है। सच्चे दिल और पवित्र भाव से किया गया प्रत्येक संकल्प इस दिन अवश्य फलित होता है। उन्होंने कहा कि आज ब्रह्मा बाबा के मार्गदर्शन पर चलकर विश्वभर में लाखों लोग अपनी आध्यात्मिक शक्ति के माध्यम से विश्व सेवा और विश्व परिवर्तन के कार्य में सहयोगी बन रहे हैं। अंजू दीदी ने रक्तदान को एक श्रेष्ठ और स्वास्थ्यवर्धक अभ्यास बताते हुए कहा कि ऐसे पावन दिन पर रक्तदान करना दोहरा पुण्य और दुआएँ कमाने का विशेष अवसर है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि यूनिवर्सल पीस पैलेस, जमशेदपुर में अब प्रत्येक तीन महीने में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।

समूचा आयोजन श्रद्धा, मौन, साधना और सेवा के अनुपम संगम के रूप में उपस्थित सभी लोगों के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बनकर उभरा।

Related Post