जमशेदपुर। झारखंड ब्राह्मण शक्ति संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को केन्द्रीय उपाध्यक्ष बाला शंकर तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संघ के केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ. पवन पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर संगठन की भावी दिशा और वर्षभर के लिए संकल्पों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें समाज की एकता, शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण को केंद्र में रखा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए आपसी सहयोग, भाईचारा और सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जोर दिया कि सामाजिक एकजूटता के बिना किसी भी प्रकार का विकास संभव नहीं है। संघ ने यह संकल्प लिया कि समाज के भीतर आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के सहयोग से समाजहित में कार्य किया जाएगा।
बैठक में शिक्षा और आत्मनिर्भरता को भी प्रमुख लक्ष्य के रूप में स्वीकार किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए संघ द्वारा भविष्य में शैक्षणिक मार्गदर्शन, सहयोग और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर चर्चा करते हुए संघ ने वैदिक परंपराओं, संस्कारों और अपनी जड़ों से जुड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही दिखावे की संस्कृति से दूर रहकर सादगीपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया गया। बैठक में दहेज प्रथा, अंधविश्वास और नशाखोरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज को जागरूक करने और इनके उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने का भी संकल्प लिया गया।
संघ ने यह भी तय किया कि संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाई जाएगी। नैतिक और चारित्रिक उत्थान को समाज की आधारशिला बताते हुए सरलता, तपस्या, संतोष, क्षमा, संयम, दान और दया जैसे मानवीय गुणों को जीवन में उतारने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बाला शंकर तिवारी, अजय ओझा, रमाशंकर पाण्डेय, जितेन्द्र मिश्रा, बिरेंदर तिवारी, चंदू मिश्रा, त्रिपुरारी नाथ दूबे, सौरव ओझा और धर्मेन्द्र तिवारी सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। अंत में केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ. पवन पांडेय ने सभी उपस्थित सदस्यों से संघ के संकल्पों को जमीन पर उतारने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

