चक्रधरपुर ।पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के जोड़ो गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई भीषण डकैती की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बेखौफ बदमाश चार पहिया वाहन से गांव पहुंचे और गांव निवासी राजेश प्रधान के घर को निशाना बनाकर कुछ ही मिनटों में करीब 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और 85 हजार रुपये नकद लूट कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस समय यह वारदात हुई उस वक्त घर के बुजुर्ग सदस्य बाहर बैठे हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान 5 से 6 की संख्या में पहुंचे डकैतों ने घर में घुसकर दरवाजा और अलमीरा तोड़ दी और पूरी वारदात को महज 8 से 10 मिनट के भीतर अंजाम दे दिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के ग्रामीणों को कुछ समझने या विरोध करने का मौका तक नहीं मिल सका।
डकैती की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और पूरे इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश के लिए छापामारी अभियान चलाया जा रहा है।दिनदहाड़े इस तरह की बड़ी डकैती की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। वहीं थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने प्रेस को बताया है जांच की जा रही। अपराधी पकड़े जाएंगे।

