चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। चाईबासा–सेंरेंगसिया मुख्य सड़क पर सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के समीप मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहन सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे में मृतकों में से एक की पहचान बिंगतोपांग गांव निवासी 20 वर्षीय शिवा बिरूली के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि अज्ञात युवक की उम्र करीब 22 वर्ष के आसपास है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
इधर, शनिवार की सुबह दोनों मृतकों के शव को पुलिस द्वारा कब्जे में लेकर चाईबासा सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

