Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

शिवनारायणपुर जंगल में दफन युवक का शव निकाला गया, पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

आदित्यपुर। सरायकेला खरसावां जिला स्थित आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर जंगल में मिट्टी में दफन मिले युवक के शव की पहचान होने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है और वह आदित्यपुर स्थित एक बाइक शोरूम में काम करता था।

घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय लोगों ने जंगल में मिट्टी के भीतर दबे शव के पैर बाहर निकले हुए देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि शव को सुनियोजित तरीके से मिट्टी में गाड़ा गया था। घटनास्थल से एक टोपी, आधा जला हुआ आधार कार्ड और एक बैंक पासबुक बरामद की गई, जिससे मृतक की पहचान सुनिश्चित हो सकी।

पुलिस को घटनास्थल से पास के तालाब तक जाने वाले रास्ते में खून के धब्बे भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को जंगल में लाकर दफनाया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की घटना संभवतः बीती रात को अंजाम दी गई।

आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और मृतक के संपर्कों तथा गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस हत्या कांड का खुलासा कर लिया जाएगा।

Related Post