धनबाद:* जिले के धनसार थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर नीतीश कुमार की हत्या से सनसनी फैल गई है। सरकारी कुएं के पास से उसका खून से लथपथ शव बरामद किया गया।
नीतीश, ईस्ट बस्ताकोला के चांदमारी इलाके का रहने वाला था और बारात में लाइट उठाने का काम करता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया है।
परिजनों ने अनिल नाम के एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गुरुवार रात करीब 11 बजे अनिल ने नीतीश को घर से बुलाया था — यह कहकर कि लोहे का काम है। लेकिन वह रातभर घर नहीं लौटा।
सुबह जब पिता पानी भरने कुएं की तरफ गए, तो उन्हें खून से सना हुआ शव मिला। कपड़ों से पहचान की गई कि शव नीतीश का ही है।
परिजनों का आरोप है कि नीतीश के सिर, आंख और पेट पर गंभीर चोट के निशान हैं — जिससे साफ लगता है कि उसकी पत्थर से मारकर हत्या की गई।
मृतक के नाना गोपाल साहू और भाई विजय कुमार ने बताया कि अनिल पहले भी धमकी दे चुका था और लोहे की चोरी करवाने का काम करता था।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
डॉग स्क्वॉड टीम जांच में जुटी है। थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

