Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

गोलमुरी में महिला से पर्स छीनकर बदमाश फरार, गिरकर हुई घायल

जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार देर रात गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट काली मंदिर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया और पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स बचाने के प्रयास में महिला सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

परसुडीह के नामोटोला दुर्गाबाड़ी निवासी अनिता शर्मा अपने पति कैलाश शर्मा और बेटे के साथ मायके से लौट रही थीं। रात लगभग 10:50 बजे जैसे ही वे टिनप्लेट काली मंदिर के पास पहुंचे, बाइक पर सवार दो बदमाशों ने पीछे बैठी अनिता के हाथ से पर्स झपट लिया। अनिता पर्स को मजबूती से पकड़े रहीं, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं। इस बीच बदमाश मौके से फरार हो गए।

अनिता को चोट लगते ही बेटे ने पीछे से चिल्लाकर पिता को जानकारी दी, जिसके बाद कैलाश ने बाइक रोकी और उन्हें तुरंत टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद मामले की सूचना गोलमुरी थाना को दी गई।

महिला के पर्स में करीब 8 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने अपराधियों की बाइक की तस्वीर ले ली, जिससे पता चला कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Related Post