चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में जैंतगढ़–नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। करीब 7.30 बजे मानिकपुर के पास तीखे मोड़ पर कॉलेज बस और आयरन ओर डंपर आमने-सामने टकरा गए। जोरदार टक्कर में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सहित कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घायलों को पास के चंपुआ (ओडिशा) स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कुछ छात्रों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर नोवामुंडी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

