Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

जमशेदपुर में 21 से 28 नवंबर तक मनाया जाएगा ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’, पंचायत स्तर पर लगेंगे शिविर

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में राज्य सरकार द्वारा संचालित “आपकी योजना-आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम को इस वर्ष “सेवा का अधिकार सप्ताह” के रूप में 21 से 28 नवंबर 2025 तक मनाया जा रहा है। सरकार ने झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 को प्राथमिकता देते हुए इस विशेष साप्ताहिक अभियान को राज्यभर में प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्णय लिया है।

इस विशेष सप्ताह के दौरान सभी पंचायतों में शिविर आयोजित कर अधिनियम में सूचीबद्ध सरकारी सेवाओं को लोगों तक समयबद्ध और आसान तरीके से पहुँचाया जाएगा। शिविरों में आमजन को सरकारी सेवाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।

जिले की प्रत्येक पंचायत में कम-से-कम एक शिविर अनिवार्य रूप से लगेगा, जहाँ विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। लोगों से जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, भूमि की मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राथमिकता के आधार पर लिए जाएंगे। इसके साथ ही अधिनियम में शामिल अन्य सेवाओं तथा लोक-कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे।

शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल पर तुरंत पंजीकृत किया जाएगा और शिकायतों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों के निपटारे से जुड़े सभी दस्तावेज तथा समाधान के साथ आवेदक की तस्वीर भी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। शिविर में दर्ज शिकायतों का उसी दिन समाधान कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवेदनों के निष्पादन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Post