Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

रातभर नाले में पड़े रहने से क्रिकेटर की मौत, समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आमझोर टोला बूढ़ीगोड़ा निवासी और प्रतिभावान क्रिकेटर 32 वर्षीय परमेश्वर सिंह की जान एक दुर्घटना में चली गई, लेकिन सबसे बड़ा दुख इस बात का है कि वह रातभर सड़क किनारे नाले में पड़े रहे और समय पर मदद न मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का मानना है कि अगर उन्हें रात में ही इलाज मिल जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है, जब परमेश्वर अपने बीमार पिता के लिए दवाई लेकर बोड़ाम से लौट रहे थे। बेलटांड़-रघुनाथपुर मुख्य सड़क पर एक टर्निंग प्वाइंट पर उनकी बाइक तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हो गई और पेड़ से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि परमेश्वर बाइक समेत नाले के पास जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्भाग्यवश, अंधेरा होने और सड़क पर आवाजाही कम होने के कारण उन्हें किसी ने नहीं देखा और वह पूरी रात वहीं पड़े रहे। शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले चामटा और सासांगडीह गांव के युवकों की नजर उन पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना पाया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है।

ग्रामीणों के अनुसार परमेश्वर एक बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर थे और शुक्रवार से भूला मोड़ में शुरू होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता में पहला मैच खेलने वाले थे। उनकी असमय मौत से स्थानीय खिलाड़ियों और गांव में शोक की लहर है।

परमेश्वर अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र थे। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। दुर्घटना की खबर के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोगों ने इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त की है और यह भी कहा है कि अगर उन्हें वक्त पर अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो शायद आज वह जिंदा होते।

Related Post