Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

गोविंदपुर में वृद्धा से पर्स लूटने वाला युवक गिरफ्तार, 40 हजार रुपये और दस्तावेज बरामद

जमशेदपुर। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला रीता दत्ता से पर्स छीनकर भागने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिरसानगर निवासी 23 वर्षीय त्रिलोक कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने उसके पास से छिनतई में लूटी गई 40,100 रुपये नगद, महिला का पर्स, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

गुरुवार को पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पीड़िता का पीछा बैंक ऑफ इंडिया, टेल्को शाखा से ही कर रहा था। रीता दत्ता जब बैंक से पैसे निकालने के बाद ऑटो से अपने घर अपना आंगन सोसाइटी जा रही थीं, तभी सोसाइटी के पीछे ऑटो धीमा होते ही आरोपी ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने टीम गठित करने का निर्देश दिया। सिटी एसपी और सिटी डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने तातापाथर चौक के पास छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से रीता दत्ता के दस्तावेज और छिनतई में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई।

ज्ञात हो कि गोविंदपुर के घोड़ाबांझा स्थित अपना आंगन सोसाइटी की निवासी रीता दत्ता दोपहर करीब 1:40 बजे बैंक ऑफ इंडिया, टेल्को शाखा से 52 हजार रुपये निकालकर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के घर के सामने स्थित प्रज्ञा केंद्र में लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने गई थीं। इसी दौरान युवक ने पर्स झपट लिया, जिसमें नगद राशि के अलावा वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल भी था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Related Post