Breaking
Mon. Mar 30th, 2026

चांडिल–कांड्रा मुख्य सड़क की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका

चांडिल। चांडिल से कांड्रा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि सरकार बार-बार आश्वासन तो देती है, लेकिन ज़मीन पर कोई काम नहीं हो रहा है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि हर दिन इस रास्ते से गुजरना किसी खतरे से कम नहीं है। जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों और धूल-मिट्टी के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्थानीय विधायक सविता महतो के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चांडिल–कांड्रा मुख्य सड़क को इलाके की “लाइफ लाइन” कहा जाता है, लेकिन वर्षों से यह सड़क बदहाल बनी हुई है। बावजूद इसके, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला सचिव वासुदेव महतो के नेतृत्व में हुए इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवाओं ने भाग लिया। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Post