Breaking
Tue. Sep 15th, 2026

मतवे में बंगाली डॉक्टर की गला रेतकर हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार — दूसरा फरार, गांव में फैली सनसनी*

रांची: जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के मतवे गांव में शनिवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बंगाली डॉक्टर सपुन दास की गला रेतकर हत्या कर दी गई। डॉक्टर सपुन दास लंबे समय से मतवे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहे थे। स्थानीय लोग उन्हें एक मिलनसार और सेवा-भाव से जुड़े व्यक्ति के रूप में जानते थे।

हत्या के मुख्य आरोपी की पहचान मतवे (रोल कारजटोली) गांव निवासी वारिस अंसारी (उम्र लगभग 20 वर्ष, पिता इम्तियाज अंसारी) के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारिस अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसका सहयोगी रातू थाना क्षेत्र के हूरहूरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, जो फिलहाल हत्या के बाद से फरार है।

पुलिस का कहना है कि इस हत्या के पीछे की साजिश में और कितने लोग शामिल हैं तथा डॉक्टर की हत्या का असली कारण क्या था, इसकी जांच गहनता से की जा रही है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

इस घटना से मतवे गांव और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों ने डॉक्टर सपुन दास की हत्या की कड़ी निंदा की है और पुलिस प्रशासन से इस कांड में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Related Post