Breaking
Sat. Dec 6th, 2025

बहारागोड़ा में 20 किलो गांजा के साथ खड़गपुर का तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले की बहारागोड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक गांजा तस्कर को 20.050 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को बहारागोड़ा बस स्टैंड के पास से उस वक्त पकड़ा, जब वह गांजा लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था।

रविवार को ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर बहारागोड़ा की ओर बढ़ रहा है। सूचना मिलते ही घाटशिला के एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दिपेन्दर सोमानी (52 वर्ष), पिता स्वर्गीय नागिन दास सोमानी, निवासी — शॉप नं. 124, रेलवे मार्केट, गोल बाजार, खड़गपुर (पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 20.050 किलोग्राम गांजा, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन (IMEI-86226174954905) और 540 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खड़गपुर के एक व्यक्ति सुल्तान से गांजा खरीदकर झारखंड के बहारागोड़ा क्षेत्र में सप्लाई करने आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)ii(c) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस कार्रवाई में घाटशिला एसडीपीओ के निर्देशन में बहारागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के साथ राजा राम सिंह मुंडा, राहुल कुमार, सोमराज उरांव, शुभकांत झा, कमल तिडु, अभिषेक उरांव और सुमन कुमार ज्योति शामिल थे। पुलिस ने जब्त गांजा को सील कर सुरक्षित रख लिया है और अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Related Post