जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट स्थित संजय सद्भावना मार्केट में बीती रात चोरी की एक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने मार्केट के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अप्पा राव के कार्यालय का ताला तोड़कर लगभग 20 से 30 हजार रुपये नकद के साथ कई महत्त्वपूर्ण दस्तावेज उड़ा लिए।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अप्पा राव कार्यालय बंद करने के बाद कुछ देर वहीं रुके और फिर घर चले गए थे। बताया गया कि नकद राशि कार्यालय की टेबल के दराज में रखी हुई थी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि कार्यालय का ताला टूटा हुआ है और इसकी सूचना उन्होंने अप्पा राव को दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि कार्यालय का सारा सामान बिखरा पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अप्पा राव ने इस संबंध में थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कार्यालय थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद चोरों ने बड़ी आसानी से वारदात को अंजाम दे दिया। कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरों को सुविधा मिल गई। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके।

