लातेहार। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। यह हादसा ओल्हेपाट गांव के समीप तब हुआ जब एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान पूनम कुमारी (18), निवासी लावागड़ा, थाना हेरहंज और अनुज उरांव (20), निवासी डहु, थाना टंडवा के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक-युवती बालू ग्राम में शनिवार को लगे जतरा मेला से लौट रहे थे। वापसी के दौरान उनकी बाइक अचानक नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से टकरा गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क किनारे दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची बालूमाथ थाना पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर संजय सिद्धार्थ ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।परिजनों के अनुसार पूनम कुमारी शनिवार से ही घर से बाहर थी और मेले में शामिल होने के बाद लौट रही थी। अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम छा गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

