नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने हाल ही में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग (NCMEI) के कार्यकारी अध्यक्ष शाहिद अख्तर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान झारखंड में अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की स्थिति और उनके सशक्तिकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
यह मुलाक़ात राजधानी के जीवन तारा भवन में संपन्न हुई, जहां श्री काले ने आयोग के अध्यक्ष को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह द्वारा जेल में लिखे गए पत्रों और संस्मरणों पर आधारित एक विशेष पुस्तक भी भेंट की। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक स्वतंत्रता संग्राम की चेतना के साथ शिक्षा की भूमिका को भी रेखांकित करती है।
मुलाक़ात के दौरान अमरप्रीत सिंह काले ने झारखंड में संचालित अल्पसंख्यक स्कूलों और कॉलेजों की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि इन संस्थानों को और अधिक सक्षम, प्रभावी और गुणवत्ता-उन्मुख बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने आयोग के समक्ष कई सुझाव भी रखे, जिनमें नीतिगत सुधार, वित्तीय सहायता और प्रशासनिक सुलभता जैसे मुद्दे शामिल थे।
शाहिद अख्तर ने श्री काले के सुझावों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि आयोग झारखंड के अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों की स्थिति में सुधार के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि इन बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और राज्य सरकार से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर श्री काले ने आयोग अध्यक्ष के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि शाहिद अख्तर जैसे अनुभवी और संवेदनशील नेतृत्व से झारखंड के अल्पसंख्यक समुदाय को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।
झारखंड में शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है, जो आने वाले समय में अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए अवसरों के नए द्वार खोल सकती है।

