Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

रांची के बिल्डर कृष्ण गोपालका से 10 करोड़ की रंगदारी की मांग, नहीं देने पर बाप-बेटे को मारने की धमकी*

रांची :* राजधानी रांची के प्रसिद्ध बिल्डर और फाइनांसर कृष्ण गोपालका को गैंगस्टर प्रिंस खान ने 10 करोड़ रुपये रंगदारी के लिए धमकी दी है। दुबई में बैठे धनबाद वासेपुर के अपराधी प्रिंस खान ने न केवल गोपालका को, बल्कि उनके बेटे को भी जान से मारने की चेतावनी दी है।

कृष्ण गोपालका ने इस संबंध में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक 14 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे गोपालका के मोबाइल पर 9163475471 नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को प्रिंस खान बताया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वाट्सऐप मैसेज कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।

धमकी में कहा गया कि अगर रकम नहीं दी गई तो गोपालका और उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी। जब गोपालका ने नंबर ब्लॉक कर दिया तो 15 सितंबर को दूसरे नंबर (447449856308) से धमकी भरे मैसेज, रिकॉर्डिंग और घर-ऑफिस का वीडियो भेजा गया। वीडियो से यह जताने की कोशिश की गई कि अपराधी उन पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

इतना ही नहीं, प्रिंस खान ने गोपालका के बेटे को भी व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज कर डराया। बेटे को हथियार से गोली चलाने का वीडियो भेजते हुए कहा गया कि पिता को नंबर अनब्लॉक करने के लिए कहो, अन्यथा दोनों को जान से हाथ धोना पड़ेगा।

धमकी से परिवार सहमा हुआ है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

Related Post