जमशेदपुर। टेल्को थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को मनीफीट टीओपी के पास से एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के पास से एक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद हुए हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस पूछताछ में बदमाश की पहचान बर्मामाइंस इस्टप्लांट बस्ती निवासी कन्हैया लाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले से ही उसके बारे में सूचना मिल चुकी थी कि उसके पास अवैध हथियार मौजूद है। इस आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।
आरोपी कन्हैया लाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। हालांकि पुलिस उसकी बातों की पुष्टि कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार उसके पास कैसे और कहां से आया तथा इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि कन्हैया किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल हो सकता है, इसलिए उसके पुराने रिकॉर्ड और संपर्कों की गहन जांच की जा रही है।

